अब तक 7 हजार 785 मामले: दिल्ली में हॉट स्पॉट रहा दिलशाद गार्डन संक्रमण मुक्त हुआ, 15 दिन चले ऑपरेशन शील्ड से मिली कामयाबी

 शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 183 मामले सामने आए। यहां एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज बढ़े। इस बीच एक अच्छी खबर भी है। यहां इस बीमारी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन शील्ड से राजधानी के दिलशाद गार्डन को संक्रमण मुक्त करने में कामयाबी मिली है। पिछले महीने यह इलाका देश में चिह्नित किए गए 10 हॉट स्पॉट में से एक था। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि इस इलाके में बीते 10 दिनों में संक्रमण का नया मामला नहीं आया है। 


 


दिलशाद गार्डन को मार्च के आखिरी में सील किया गया था। यहां सबसे पहले 17 मार्च को 38 साल की एक महिला और उसका 19 साल का बेटा पॉजिटिव पाया गया था। वह सऊदी अरब से अपने पति से मिलकर लौटी थी। इसके बाद वह मोहल्ला क्लीनिक के एक डॉक्टर समेत कई लोगों के संपर्क में आई। यहां जब एक के बाद 8 संक्रमित मिले तो इस इलाके को सील कर दिया गया। 123 मेडिकल टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने 4 हजार 32 घरों में 15 हजार से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की। जिनमें संक्रमण के लक्षण दिखे उन्हें क्वारैंटाइन किया गया। 


 


देश में कुल संक्रमितों की संख्या 7 हजार 785 हो गई है। आज महाराष्ट्र में 92, गुजरात में 54, राजस्थान मेंं 18, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में 3-3 मामले सामने आए। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों के आंकड़ों के अनुसार हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 7 हजार 447 संक्रमित हैं। इनमें से 6 हजार 565 का इलाज चल रहा है। 643 ठीक हुए हैं और 239 की मौत हो चुकी है।


 


देश में लगातार दूसरे दिन कोरोनावायरस संक्रमण के 800 से ज्यादा मामले आए। शुक्रवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 871 मरीज मिले। अकेले महाराष्ट्र में 210 नए केस मिले। इससे एक दिन पहले देश में 813 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। महाराष्ट्र इस वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमितों की संख्या में 27 दिन में 100 गुना से ज्यादा हो गई है। राज्य में 14 मार्च को कोरोना के 14 मरीज थे, जो 10 अप्रैल को 1 हजार 574 हो गए। 


 



  • पूर्व चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की मां शांति गोगोई ने कोरोना आपदा से निपटने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपए दान दिए हैं। उन्होंने डिब्रूगढ़ के डिप्टी कमिश्नर पल्लव गोपाल को यह चेक सौंपा।

  • गुजरात के सूरत में दूसरे राज्यों के मजदूर शुक्रवार को हिंसा पर उतारू हो गए। बताया जा रहा है कि वे लॉकडाउन बढ़ाने की खबरों से डरे हुए हैं। मजदूरों ने सड़कें जाम कर दीं और पथराव किया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने 60-70 लोगों को हिरासत में ले लिया। 

  • तमिलनाडु में चेन्नई निगम कमिश्नर जी प्रकाश ने बताया कि यहां अम्मा कैंटीन सामान्य दिनों में 5 लाख लोगों को भोजन कराती है। अब यह संख्या बढ़कर 11 लाख हो गई है। उन्होंने कहा कि राशन का पर्याप्त स्टॉक है।